एक ढाबे पर खाना खाते समय कुछ युवकों में झगड़ा हो गया। इसी दौरान एक पक्ष के युवकों ने नुकीले हथियारों और खाली बोतलों से दूसरे पक्ष के युवकों पर हमला कर दो दोस्तों की हत्या कर दी, जबकि एक युवक घायल हो गया है। यह वारदात सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे हुई। इस दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। घायल युवक को घरौंडा स्थित चिकित्सालय में ले जाया गया। बाद में उसे पुलिस अपने साथ ले गई।
जानकारी के अनुसार घरौंडा की भोला कॉलोनी निवासी मनीष (27) और उसके भाई चंद्र पाल उर्फ बिट्टू ने अराईपुरा रोड स्थित पंजाबी ढाबे पर खाना खाने की योजना बनाई। मनीष ने अपने दोस्त अराईपुरा गांव निवासी नीरज (30) को भी फोन करके बुला लिया। तीनों युवक खेतीबाड़ी करते हैं। बताते हैं कि तीनों साथी रात 10 बजे घर से कुछ दूर स्थित ढाबे के लिए निकले। ढाबे पर पहुंचे तो खाना खाने लगे। यहां ढाबे पर पहले से ही आठ-दस युवक एक साथ खाना खा रहे थे, जो कि शोर मचा रहे थे। तभी किसी ने उन्हें शोर न करने के लिए टोका तो उनमें से कुछ युवक ढाबे की दूसरी साइड में आए और पूछा कि कौन बोला था। इसी दौरान चंद्रपाल बोल पड़ा कि मैं बोला, बता क्या करेगा। इस पर युवक ने चंद्रपाल पर कांच की खाली बोतल से हमला कर दिया। उसे बचाने दौड़े नीरज व मनीष को भी युवकों ने पकड़ लिया और ताबड़तोड़ खाली बोतलें तोड़कर व नुकीली वस्तुओं से प्रहार करने शुरू कर दिए। जिससे दोनों युवकों के शरीर पर कई घाव बन गए। खून की धार बहने लगी। ढाबे पर अफरातफरी मच गई, जो जहां था, वहीं से भाग निकला। आरोपी हमलावर भी मौके से भाग निकले। हमलावर भी घरौंडा के ही बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि कुछ देर बाद नीरज और मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। चंद्रपाल घायल हो गया।
सूचना मिलने पर डीएसपी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ पहुंच गए। तीनों को घरौंडा राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। जहां नीरज व मनीष को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल चंद्रपाल की मरहम पट्टी करके करनाल रेफर कर दिया गया।
वर्जन
अब तक मिली जानकारी के अनुसार घरौंडा के अराईपुरा रोड स्थित ढाबे पर दो पक्षों में खाना खाते समय झगड़ा हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। जिसमें दो युवकों की मौत हो गई, एक युवक घायल हो गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज करनाल भेज दिया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
- दीपक, एसएचओ घरौंडा