हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन संबद्ध हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच की करनाल जिला कमेटी से जुड़े कर्मचारियों ने शुक्रवार को अधीक्षक अभियंता (विद्युत परिमंडल भवन व मार्ग) के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने दो घंटे तक धरना भी दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि 22 व 23 अगस्त 2022 को आंदोलन के दौरान जो समझौता हुआ था, उसे अब तक लागू नहीं किया गया है। इसलिए अब बेमियादी हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
राज्य प्रधान सत्यपाल वर्मा ने बताया कि अक्तूबर व नवंबर दो माह से नियमित कर्मचारियों को दिवाली पर वेतनमान नहीं मिला। जिस कारण शुक्रवार को विद्युत मंडल भवन व मार्ग करनाल के पानीपत व सोनीपत के कर्मचारियों को वेतनमान दिलवाने के लिए प्रदर्शन किया गया है। मांगों एवं वेतनमान देने का प्रबंध करने की अपील की गई। जिला प्रधान ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी कि वेतनमान पर तुरंत कार्यवाही नहीं की तो जिला कमेटी अनिश्चित कालीन संघर्ष करने पर मजबूर होगी। प्रदर्शन में जिला चेयरमैन साहब सिंह धीमान, सचिव कुलदीप राणा, भवन व मार्ग प्रधान जयपाल व कृष्ण मलिक, पब्लिक विभाग प्रधान जसमेर शर्मा, तुलसी राम पाल, राकेश भट्टी, प्रधान जगदीश शर्मा आदि शामिल रहे।