- कांग्रेस की पंजाबी बिरादरी में सेंध लगाने की कोशिश, करनाल में आयोजित किया राष्ट्रीय पंजाबी महासभा का राज्यस्तरीय सम्मेलन
- सम्मेलन को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदय भान और फिल्म अभिनेता राजबब्बर ने भी किया संबोधित
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा की ओर से अनमोल गार्डन में अमर शहीद मदन लाल ढींगड़ा स्मरण दिवस पर राज्यस्तरीय पंजाबी महासम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें कांग्रेस ने हरियाणा में बड़ी बिरादरियों में शुमार पंजाबी बिरादरी में सेंधमारी का प्रयास किया। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जहां कांग्रेस की सरकार बनने पर पंजाबी विस्थापित कल्याण बोर्ड गठित करने का भरोसा दिलाया।
वहीं विशिष्ट अतिथि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान और फिल्म अभिनेता राजबब्बर ने भी पंजाबियों का आजादी की लड़ाई में अहम योगदान बताते हुए उन्हें पूरा मान सम्मान देने की बात कही।
सुभाष बत्रा की अध्यक्षता में आयोजित पंजाबी सम्मेलन में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पंजाबी समाज ने अपनी मेहनत के बल पर तरक्की की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा पंजाबियों का मान सम्मान बढ़ाने का काम किया। उन्होंने अपने कार्यकाल में पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों को राज्य सभा, लोकसभा और बोर्ड तथा निगमों व अन्य इकाइयों में प्रतिनिधित्व देने का काम किया। आने वाले समय में भी इस समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। इसी तरह सेक्टर-13 में शहीद मदनलाल ढींगड़ा की मूर्ति स्थापना से लेकर कल्पना चावला के नाम से मेडिकल कॉलेज तक बनवाने के तमाम कार्य कांग्रेस ने किए। भाजपा सरकार ने शहीद की प्रतिमा को भी विस्थापित कर दिया और कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने की कोशिश की।
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि 2005 में जब कांग्रेस की सरकार बनी थी तो हरियाणा में जेल से राज चलता था और अपराधी बेखौफ वारदात को अंजाम देते थे लेकिन कांग्रेस सरकार ने कानून व्यवस्था का राज स्थापित किया और बदमाशों को उनके किए की सजा दिलाई और हरियाणा छोड़ने पर मजबूर कर दिया। लेकिन जैसे ही प्रदेश में भाजपा सरकार आई तो फिर से हरियाणा में बदमाश और गैंगस्टर सक्रिय हो गए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि शहीद मदनलाल ढींगड़ा ने लंदन में जाकर ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिलाने का काम किया। फिल्म अभिनेता एवं पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि पंजाबी दुनिया में अपनी शान बढ़ा रहे हैं। हुड्डा परिवार ने हरियाणा में पंजाबियों का सम्मान बढ़ाने का काम किया है।
अध्यक्षता कर रहे सुभाष बत्तरा ने कहा कि कांग्रेस की हुड्डा सरकार के दौरान पिछली तमाम सरकारों के मुकाबले पंजाबी समाज को सबसे ज्यादा हिस्सेदारी दी गई थी। मौके पर महा सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सम्मेलन संयोजक अशोक मेहता, राष्ट्रीय सचिव ललित अरोड़ा और जिला प्रधान पराग गाबा, अशोक मेहता, अशोक अरोड़ा, त्रिलोचन सिंह, बीबी. बत्तरा, भीम मेहता, मनोज वधवा, कुलदीप शर्मा, विधायक रामकरण काला, पूर्व विधायक सुमिता सिंह आदि मौजूद रहे।