- नियमित पॉलिसी में शामिल कर विभाग में समायोजित करने की मांग
- मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि ने मांगपत्र लेकर एक सप्ताह में सीएम से वार्ता करवाने का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। प्रदेशभर के शारीरिक शिक्षा सहायक एवं कला शिक्षा सहायक सेक्टर-12 फव्वारा पार्क में राज्य स्तरीय उम्मीद एवं विश्वास रैली में गरजे। अध्यापकों की मुख्य मांग उनके रोजगार को नियमित पॉलिसी में शामिल कर उन्हें विभाग में समायोजित करने की है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला रैली स्थल पर पहुंचे और उन्हें 15 अगस्त तक उनकी सभी मुख्य मांगों को नियम अनुसार पूरा करने का आश्वासन भी दिया। शारीरिक शिक्षा सहायक एवं कला शिक्षा सहायक के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि सरकार से उनकी सकारात्मक वार्ता नहीं होती है तो वह भविष्य में आंदोलन तेज करेंगे। इस मौके राज्य प्रधान सतपाल कौशिक, रामस्वरूप सेवानिवृत्त प्रिंसिपल, दिलभाग जांगड़ा, कला सहायक के राज्य प्रधान पवन खनोंदा, बबिता मालिक, सतपाल शर्मा, विकास शर्मा, धर्मेंद्र पहलवान, हुनेश कुमार, करनाल से जिला प्रधान शिव कुमार गोंदर, कला सहायक संघ के जिला प्रधान कृष्ण कुमार, अनिरुद्ध, राजेश इंद्री, सुखविंद्र विर्क मौजूद रहे।