- नगरायुक्त के समक्ष पार्षदों ने उठाई समस्याएं, नगर पालिका अधिकारियों पर कार्य नहीं करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। नगरायुक्त अभिषेक मीणा ने मंगलवार काे असंध नगर पालिका कार्यालय का निरीक्षण किया। पार्षदों ने शिकायत की कि पिछली बैठक में 14 प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई थी, लेकिन किसी भी कार्य का अभी तक टेंडर नहीं लगाया गया है। वार्ड 13 के पार्षद संदेश जिंदल ने कहा कि हाउस की बैठक करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी। जिसमें 14 काम पास हुए थे, लेकिन आज तक एक भी टेंडर नहीं लग पाया।
जवाब में एमई मनजीत ने बताया कि अब वित्तीय कमेटी नहीं बनी है। जिस कारण कार्य नहीं हाे पा रहे हैं। इस पर नगरायुक्त मीणा ने कहा कि बिना वित्तीय कमेटी बने भी टेंडर लगाए जा सकते हैं। उन्हाेंने कहा कि 15 लाख रुपए तक की शक्ति हाउस काे है। इसलिए 15 लाख के काम के टेंडर जल्द लगाए जांए। एमई मनजीत ने कहा कि अभी तकनीकी स्वीकृति लेनी है। नगरायुक्त ने पूछा कि जब कार्य हाउस में पास हाे गए ताे टेंडर क्याें नहीं लग पाए। इस पर सचिव रविंद्र ने जवाब दिया कि नपा के पास फंड 13 कराेड़ रुपए का है। काम ज्यादा है। नगरायुक्त ने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर जनहित के कार्य के टेंडर जल्द से जल्द लगाएं।
पार्षद संदेश जिंदल ने नगरायुक्त काे बताया कि 10 कराेड़ रुपए की सीएम अनाउंसमेंट है। उसके 15 काम हाउस में पास हाे गए हैं। उनका भी एक भी टेंडर नहीं लगा है। सीएम अनाउंसमेंट के तहत एक साल पहले हाउस में पांच कराेड़ रुपए का स्टेडियम पास हाे गया था। हाउस में पास हाेने के बाद भी नगर पालिका ने आज तक न ताे टेंडर लगाया न ही इस पर काेई कार्य किया।
सचिव ने बताया कि जिस जमीन पर स्टेडियम बनाया जाना है। वह शिक्षा विभाग की है, अभी शिक्षा विभाग से एनओसी नहीं मिली है। उसके बाद ही टेंडर प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। पार्षद शक्ति भट्ट ने स्ट्रीट लाइट की समस्या रखी तो उपाध्यक्ष राजेंंद्र ढींगड़ा ने कहा कि लाइट लगवाने के लिए पार्षदाें ने खुद सामान देकर लाइट लगवाई है।