करनाल। शिव कालोनी स्थिति एक निजी स्कूल में बच्चे के साथ मारपीट करने और स्कूल संचालक और अभिभावकों की बीच झड़प का मामला सामने आया है। बच्चे की पिटाई के मामले को बाल कल्याण समिति के समक्ष रख दिया है।
शिव कालोनी निवासी पांचवीं कक्षा बच्चे के पिता रामचंद्र ने आरोप लगाया कि छह दिसंबर को उसके नौ वर्षीय बेटे की शिक्षक ने पिटाई कर दी। आरोप है कि इससे पहले उसकी पहले भी पिटाई इसलिए की जाती रही कि वह गरीब है और समय पर फीस जमा नहीं करा पाता। लाकडाउन की भी करीब 35 हजार रुपये फीस बकाया है। वह स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट भी मांग रहे थे, लेकिन नहीं दिया। वह पांच हजार रुपये से ज्यादा जमा करा चुके हैं। उन्हें जब फिर बेटे के साथ पिटाई का पता लगा तो वह आठ नवंबर को स्कूल अपनी पत्नी के साथ पहुंचे। यहां स्कूल संचालक ने उनके साथ भी मारपीट की। मारपीट में उनकी पत्नी मुन्नी देवी के सिर में चोट लगी।
दूसरी ओर स्कूल संचालक ने भी रामनगर पुलिस थाने में जाकर दंपति पर स्कूल में आकर मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि इस मारपीट में स्कूल पक्ष की एक महिला को चोट आई है। लिहाजा पुलिस शिकायत की जांच कर ही रही थी कि बच्चे से पिटाई का मामला तूल पकड़ गया। यह मामला बाल कल्याण समिति के चेयरमैन उमेश चानना के संज्ञान में आया तो उन्होंने जांच के लिए चाइल्ड से सुमन और कविता को जांच के लिए भेजा। जांच के बाद रामनगर पुलिस को इस मामले में कार्रवाई के लिए कहा गया। रामनगर पुलिस की ओर से बच्चे को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। बच्चे का मेडिकल करवाने के बाद 12 दिसंबर को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। आरोप है कि रामनगर पुलिस की ओर से बच्चे की पिटाई की बात बाल कल्याण समिति तक नहीं पहुंचाई गई। समिति के चेयरमैन उमेश चानना ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।