संवाद न्यूज एजेंसी
असंध/करनाल। स्वाधीनता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का मामला सामने आया है। आरोप है कि निजी बस के चालक-परिचालक ने अपने वाहन से तिरंगा ध्वज उतारकर फाड़ दिया और फिर सरकारी बस के पीछे जाल में बांध दिया। सुबह जब सरकारी बस के चालक ने फटा झंडा देखा तो जांच पड़ताल की। सीसीटीवी फुटेज में निजी बस चालक-परिचालक की करतूत नजर आई। इसके बाद पानीपत डिपो के चालक-परिचालक की ओर से दी गई शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पानीपत डिपो के बस परिचालक कुलदीप और चालक महेंद्र सिंह ने शिकायत में बताया कि उनकी ड्यूटी असंध से पानीपत मार्ग पर है। 14 अगस्त को उनकी बस रात्रि ठहराव पर असंध बस स्टैंड पर खड़ी थी। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के दिन असंध से पानीपत चलने के लिए बस को चेक किया तो पाया कि बस के पीछे जाली में दो राष्ट्रीय ध्वज कटी फटी हालत में बंधे थे। उन्होंने बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पता चला कि एक निजी बस के चालक मोहित और परिचालक रविंद्र ने अपनी बस से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा उतारने के बाद फाड़कर कटी-फटी हालत में उनकी बस के पीछे जाल पर बांध दिया, जो सीसीटीवी कैमरे में 15 अगस्त की सुबह साढ़े छह बजे दिखाई दे रहे हैं। इन निजी बस चालकों ने राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया है और उनके विभाग को बदनाम करने की कोशिश की है।