माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। आईटीआई में दाखिले के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस बार भी दाखिले के लिए परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड और बैंक खाता नंबर अनिवार्य किया गया है। बिना इसके दाखिला के लिए आवेदन नहीं किया जा सकता।
शुक्रवार को दाखिले के लिए निर्धारित पोर्टल खुल गया और अब विद्यार्थी दाखिले के लिए 21 जून तक आवेदन कर सकते हैं। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से अभी तक सिर्फ आवेदन फार्म भरने की अधिसूचना जारी की गई है। दाखिला चरणों और वरियत्ता सूची को लेकर अभी तक तिथियों की घोषणा नहीं की है।
सीबीएसई और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अब आईटीआई में दाखिले को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। करनाल जिले में नौ राजकीय और 12 प्राइवेट आईटीआई हैं। राजकीय आईटीआई में 3768 सीटें स्वीकृत हैं, इन पर दाखिले दिए जाएंगे। विद्यार्थी admissions.itiharyana.gov.in पर ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं। इस बार दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 14 दिन ही चलेगी। इधर, कॉलेजों में दाखिले के लिए 25 जून तक का समय है। ब्यूरो
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के निर्देश पर सभी राजकीय व प्राइवेट आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभाग ने विद्यार्थियों को दाखिले के लिए दस्तावेज तैयार रखने के लिए भी कहा है। औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि वर्ष 2024-25 में अगर कोई छात्र दाखिला लेना चाहता है तो उसके पास आधार कार्ड नंबर, मोबाइल नंबर, बैंक खाता, ईमेल आईडी और परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है।
किस राजकीय आईटीआई में कितनी सीटें
आईटीआई
सीट
करनाल
1828
महिला करनाल
340
जयसिंहपुरा असंध
144
बल्ला
372
निसिंग
668
तरावड़ी
124
बसताड़ा
200
जांबा
92
जिले के राजकीय व प्राइवेट आईटीआई में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विद्यार्थी दाखिले के लिए 21 जून तक फार्म भर सकते हैं। इस बार दाखिले के लिए परिवार पहचान पत्र जरूरी किया गया है। विभाग ने दाखिला लेने के इच्छुक उम्मीदवारों से दस्तावेज तैयार रखने के लिए कहा है। - धर्मेंद्र सिंह, प्रिंसिपल, बाबू मूलचंद जैन राजकीय आईटीआई करनाल।