मधुबन। नशा मुक्त भारत पखवाड़े के अंतर्गत हरियाणा पुलिस की ओर से 12 से 26 जून तक सभी जिलों में नशा मुक्त हरियाणा पखवाड़ा मनाया गया। जिले में अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने काफी मेहनत से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में काम किया। इसके लिए जिले के छह पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। यह राज्य स्तरीय समारोह राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 पंचकूला में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर मुख्यातिथि थे। कार्यक्रम हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख ओपी सिंह की अध्यक्षता में हुआ। समारोह में हरियाणा में नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत अति सराहनीय सेवाओं के लिए 23 अधिकारियों, कर्मचारियों व विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के उप पुलिस अधीक्षक सतीश वत्स, निरीक्षक राकेश कुमार, उप निरीक्षक राजेश कुमार, उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार, सहायक उप निरीक्षक दिनेश कुमार मौजूद रहे। संवाद