घरौंडा। बरसत गांव में जोहड़ में मिले 40 वर्षीय एसी मैकेनिक नीरज शर्मा के शव मिलने के मामले में पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। ताकि इसमें शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सके। इसके अलावा परिवार की ओर से पेश किए गए सुसाइड नोट की हैंड राइटिंग की भी जांच की जा रही है। बरसत गांव में 3 जुलाई की रात को एसी मैकेनिक नीरज शर्मा का शव गांव के जोहड़ में मिला था। इसके बाद परिजनों ने गांव के ही उसके बिजनेस पार्टनर सोनू सैनी, उसके जीजा व साले पर हत्या के आरोप लगाए थे। परिवार ने पुलिस को सुसाइड नोट भी सौंपा था। जिसमें मृतक ने इन तीनों की वजह से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी थी। पुलिस ने मृतक के भाई सुनील के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया था। घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद