माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। महामारी के दौरान लगी पाबंदी के बाद लगभग दो वर्षों से बंद कर्ण स्टेडियम का स्वीमिंग पूल जुलाई के अंतिम सप्ताह में फि र खुलेगा। जिससे खिलाड़ी तैराकी का अभ्यास कर सकेंगे। खेल विभाग ने स्वीमिंग पूल संचालन के लिए दिल्ली की फर्म के साथ 13,5000 रुपये प्रति वर्ष के हिसाब से तीन वर्ष का अनुबंध किया गया है।
यह फर्म पहले से पंजाब और राजस्थान जैसे प्रदेशों में स्वीमिंग पूल संचालित कर रही है। अनुबंध के अनुसार फर्म को स्वीमिंग के खिलाड़ियों का अभ्यास निशुल्क रखना होगा। पिछले दो वर्ष से कोरोना और फि र खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी में उलझे खेल विभाग ने खेलो इंडिया खत्म होने के बाद स्वीमिंग पूल संचालित करने के लिए कई बार टेंडर निकाले, लेकिन कभी ठेकेदार टेंडर राशि ज्यादा होने के कारण नहीं पहुंचे तो कभी एक ठेकेदार द्वारा आवेदन करने के चलते टेंडर नहीं हो पाया। अब हरियाणा के दो नेशनल स्तर के तैराकी खिलाड़ियों नवीन और सुरेंद्र द्वारा संचालित दिल्ली की रजिस्टर्ड फर्म को तीन वर्ष के लिए स्वीमिंग पूल का टेंडर मिलने के बाद मंगलवार को खेल विभाग द्वारा फर्म को वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया है।
वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद संबंधित फर्म एक-दो दिन में पूल की सफाई करने के बाद जुलाई के अंतिम सप्ताह में स्वीमिंग पूल फिर से शुरू कर देगी। दिल्ली की ये फर्म पहले से पंजाब और राजस्थान जैसे प्रदेश में सफलतापूर्वक स्वीमिंग पूलों का संचालन कर रही है।
लंबे समय से बंद चल रहे कर्ण स्टेडियम के स्वीमिंग पूल के पुन: संचालन के लिए सभी प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। कोरोना काल और खेलो इंडिया यूथ गेम्स के चलते स्वीमिंग पूल शुरू होने में देरी हुई थी। जिससे खिलाड़ियों को असुविधा का सामना करना पड़ा था। इस बार खिलाड़ियों को अभ्यास करने में असुविधा नहीं होने दी जाएगी। स्वीमिंग पूल में नियमित अभ्यास करने वाले 30 से 35 खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।
- अशोक दुआ, जिला खेल अधिकारी