करनाल। गुजरात में आयोजित हो रहे 36वें नेशनल गेम्स के फेंसिंग के इपी व्यक्तिगत इवेंट में तनिष्का खत्री ने स्वर्ण, साइकिलिंग में प्रभजोत कौर और अंशु देवी ने रजत पदक जीत कर प्रदेश और कर्ण नगरी का नाम रोशन किया। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उनके परिवार और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। अब चार अक्तूबर को दोनों ही खेल इवेंट की स्पर्धाएं होनी हैं। जिसमें फेंसिंग में प्रिंस, अभिषेक और साइकिलिंग में मुकुल व अंशु से भी पदक की उम्मीद है।
बेहतर तकनीक का किया इस्तेमाल
करनाल। कर्ण नगरी की तनिष्का खत्री ने तलवारबाजी (फेंसिंग) के इपी इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा की ही खिलाड़ी प्राची रोहाना को मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। तनिष्का के कोच और करनाल के कार्यकारी जिला खेल अधिकारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि तनिष्का ने लंबे समय तक करनाल के फेंसिंग प्रशिक्षण केंद्र में अभ्यास किया है। वर्तमान में वह साई सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। मुकाबले के दौरान तनिष्का की फूर्ति और बेहतर तकनीक के चलते उसने आसानी से अपने प्रतिद्वंद्वी पर विजय हासिल कर ली। अब तलवारबाजी की स्पर्धाओं में करनाल के ही प्रिंस और अभिषेक से पदक की उम्मीद है। दोनों खिलाड़ियों के मुकाबले चार अक्तूबर को होने हैं। ब्यूरो
परिजनों ने मनाई खुशी
करनाल। नेशनल गेम्स गुजरात में हरियाणा की साइकिलिंग टीम में कर्ण नगरी के पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ था। जिनमें से रविवार को दो खिलाड़ी प्रभजोत कौर और अंशु देवी ने चार किलो मीटर टीम प्रसूट इवेंट में रजत पदक जीत कर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया। दोनों ही खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से परिजनों में उत्साह है। वहीं साइकिलिंग के अन्य खिलाड़ियों सहित कर्ण स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों ने जश्न मनाया। साइकिलिंग कोच ओंकार सिंह ने बताया कि साइकिलिंग इवेंट में दो प्रकार के इवेंट होने हैं। जिसमें ट्रैक इवेंट 01 से 04 अक्तूबर के बीच नई दिल्ली के आईजी स्टेडियम में चल रहे हैं। जिसमें चार अक्तूबर को होने वाले ट्रैक रेस इवेंट के ग्रुप में करनाल की मुकुल और अंशु देवी से और भी पदक की उम्मीद है। ब्यूरो
Players of Karna Nagari won three medals in the National Games