करनाल। उचानी स्थित बागवानी प्रशिक्षण संस्थान में फलों और सब्जियों की फसलों की प्रसंस्करण, संरक्षण और मूल्यवर्धन पर आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हो गया। इसमें 46 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। संस्थान के प्राचार्य सतेंद्र यादव ने बताया कि कार्यक्रम में 43 महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। प्रतिभागियों को फलों और सब्जियों से तैयार होने वाले विभिन्न प्रसंस्कृत और मूल्य-वर्धित उत्पादों के बारे में सिखाया गया। उन्हें सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में आंवले की चटनी, आंवले का मुरब्बा, आंवले का अचार और आंवला च्यवनप्राश बनाना सिखाया गया। इसके अतिरिक्त, हरी मिर्च के विभिन्न प्रकार के अचार, मशरूम का अचार और कई अन्य मिश्रित मूल्य-वर्धित उत्पाद भी शामिल थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम की संयोजिका प्रतिभा रहीं। संवाद