गांव अमुपुर में प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 14 एकड़ जमीन छुड़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग । कस्बे के गांव अमुपुर में मंगलवार को श्री राधा कृष्ण आदर्श गोशाला के पास करीब 14 एकड़ पंचायती कृषि भूमि को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने कब्जा मुक्त करवाया। जिसमें ड्यूटी मजिस्ट्रेट बीडीपीओ नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ पहुंच कब्जाधारियों के कब्जे से मुक्त करवाया।
कार्रवाई के दौरान तीन ट्रैक्टरों एवं दो जेसीबी मशीन के साथ पहुंच प्रशासन ने कब्जाधारियों से करीब 14 एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त करवाया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट बीडीपीओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि बूटा सिंह, गुरदेव सिंह, रेशम सिंह, रघुवीर सिंह ने पंचायती की करीब 14 एकड़ कृषि भूमि पर काफी समय से कब्जा किया हुआ था। कोर्ट के आदेश पर कृषि भूमि से कब्जा हटवाया गया।
ग्राम सरपंच युद्धवीर सिंह एवं सरपंच प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह राणा ने बताया कि 14 एकड़ जमीन से पुलिस बल व प्रशासन ने कृषि भूमि को कब्जाधारियों से कब्जा मुक्त करवा पंचायत को सौंप दी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1980 में पंचायती जमीन को कब्जाधारियों से कब्जा मुक्त करवाने की कोर्ट में अपील की थी।
कोर्ट के आदेश पर 44 साल बाद कृषि भूमि पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कब्जाधारियों से जमीन को कब्जा मुक्त करवा पंचायत को सौंप दी है। उन्होंने बताया कि कब्जाधारियों ने अपने खेत में बने मकान व तीन तूड़ी के कूप को 15 दिनों में हटाने का प्रशासन से समय मांगा है। इस मौके पर हलका पटवारी रवि कुमार, पंचायत सचिव आनंद हुड्डा, सुरेंद्र राणा, जजपाल सिंह, थाना प्रभारी अजायब सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।