संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जीटी रोड पर मयूर ढाबा के पास एक कंटेनर से सात लाख रुपये की कीमत के रजनीगंधा पान मसाला के 23 बॉक्स चोरी हो गए है। सदर थाना पुलिस ने कंटेनर चालक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाथरस उत्तर प्रदेश निवासी छत्तर पाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अशोक लेलैंड कंटेनर का ड्राइवर है। एक फरवरी को वह नोएडा से कंटेनर लेकर अंबाला जा रहा था। कंटेनर में रजनीगंधा पान मसाला लोड था। रात को वह अपने कंटेनर को मयूर ढाबा के पास खड़ा करके खाना खाया और वहीं सो गया।
जब उसकी आंख खुली तो उसने देखा कि कंटेनर का ताला टूटा हुआ है और उसके कंटेनर में रखे रजनीगंधा के 270 बॉक्सों में से 23 बॉक्स चोरी हो गए है। कंनेटर में 247 बॉक्स बचे थे। पीड़ित कंटेनर चालक ने बताया कि चोरी से सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस का कहना है मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।