संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सेक्टर-14 स्थित एक काॅलेज परिसर में मंगलवार को बाहरी युवकों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर हुड़दंग मचाया। कॉलेज की कैंटीन में युवकों के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों गुटों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ने लगा और युवक एक-दूसरे पर हमला करने पर उतारू हो गए। कॉलेज प्रबंधक की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक भाग निकले।
शहर के एक कॉलेज में दोपहर करीब एक बजे कुछ बाहरी युवक घुस गए। जिनके हाथों में धारदार हथियार और लाठी-डंडे थे। कॉलेज की कैंटीन में युवक पहुंच गए। जहां पर दूसरे गुट के युवक भी आ गए। दोनों गुटों के बीच तनातनी का माहौल बन गया। पुलिस ने कॉलेज परिसर में गश्त की। पहले भी बाहरी युवकों ने हथियारों के साथ कॉलेज के बाहर उत्पात मचाया था।
इस मामले में करीब 15 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके बाद फिर से आरोपियों ने धारदार हथियार के साथ माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि कॉलेज परिसर में कोई मारपीट नहीं हुई है। कुछ बाहरी युवक धारदार हथियार और लाठी-डंडों के साथ परिसर में घुसने की सूचना पर पहुंचे तो वे भाग निकले। फिलहाल मामले में शिकायत नहीं दी गई है।