गांव गढ़ी मुलतान के पास राइस मिल में एक ऑपरेटर ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर परिजनों को सौंप दिया है। गांव कैमला निवासी 25 वर्षीय साबिर खान कैमला-डिंगर माजरा रोड स्थित राइस मिल में ऑपरेटर था। बुधवार रात वह ड्यूटी पर गया था। वीरवार सुबह राइस मिल में दूसरा ऑपरेटर पहुंचा तो वह नजर नहीं आया। मोबाइल पर संपर्क किया तो मोबाइल उसी के बैग में था। बाद में उसका शव शॉर्ट एक्स ग्रेडर के पीछे फंदे से लटका मिला। फंदा ग्रेडर के एलिवेटर पर लगाया हुआ था। मृतक के चचेरे भाई अजमेर ने बताया कि साबिर एक वर्ष से राइस मिल में कार्य कर रहा था व अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पुलिस ने 174 के तहत कार्रवाई की है। थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि गांव कैमला के रहने वाले साबिर ने राइस मिल में फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। परिजनों के अनुसार धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।