संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। साइबर ठगों ने दो लोगों से एक लाख रुपये ठग लिए। एक आरोपी ने सेना का जवान बताकर 60 हजार रुपये की चपत लगाई, वहीं दूसरे ने क्रेडिट कार्ड से फास्ट टैग रिचार्ज के नाम पर 40 हजार रुपये काट लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-7 निवासी डॉ. सचिन कपूर ने बताया कि उसके पास 16 मई को एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। जिसमें व्यक्ति ने अपना नाम साहिल बताते हुए कहा कि वह सेना का जवान है। उसके पिता के इलाज के लिए उसे रुपये भेजने हैं। जब उसने क्रेडिट कार्ड की जानकारी उसे दी तो उसके बैंक खाते से रुपये कटने लगे। इस दौरान पहले 30 हजार रुपये, दो मिनट बाद 30 हजार रुपये कट गए। इसके बाद उसने अपना खाता ब्लॉक करा दिया। जब उसने उस नंबर पर कॉल की तो वह उसे गालियां देने लगा। दूसरे मामले में सेक्टर-7 निवासी मुनीष दुआ ने बताया कि उसके क्रेडिट कार्ड से उसकी जानकारी के बिना 40 हजार रुपये फास्ट टैग रिचार्ज के नाम के कटे हैं। यह रकम अप्रैल महीने में कटे हैं।