सुखपुरा पुल के पास नहर की पटरी पर तीन बदमाशों ने पिस्टल व देसी कट्टा तान कर टिंबर मर्चेंट से एक लाख रुपये व मोबाइल लूट लिया। तब पीड़ित नहर किनारे अपने रुपये का हिसाब किताब कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
थाना सदर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में गांव रायपुर निवासी मुस्तकीम ने बताया कि वह टिंबर मर्चेंट का काम करता है। खजूरी रोड पर उसकी एमएस टिंबर के नाम से दुकान है। उसका हमीदा के राजविंद्र के साथ रुपये का लेनदेन है। उसे राजविंद्र के रुपये देने थे। इसलिए 25 मार्च को वह अपने दोस्त रायपुर निवासी अनिल व पवन के साथ दामला हाईवे पर शाम के समय खड़ा था। वहां पर वह राजविंद्र को रुपये देने के लिए हिसाब किताब कर रहे थे। तभी वहां पर राजविंद्र व उसके दो दोस्त भी आ गए। वह सभी नहर की पटरी पर बैठ गए। इसी दौरान नहर की पुल की तरफ से तीन व्यक्ति उनके पास आए। उनमें से एक के हाथ में पिस्टल और दूसरे के हाथ मे देसी कट्टा था। आरोपियों ने हथियार तान कर उनसे रुपये से भरा बैग मांगा। जब उन्होंने रुपये देने से मना किया तो एक आरोपी ने पिस्टल से फायर कर दिया और उनका बैग छीन लिया। जाते हुए आरोपियों ने धमकी दी कि यदि इस बारे में किसी को भी बताया तो वह उसे जान से मार देंगे। जिससे वह डर गए और काफी देर तक वहीं खड़े रहे। आरोपी एक लाख रुपये से भरा बैग व उनका मोबाइक लेकर हाईवे की तरफ चले गए। वह भी छिपते हुए हाइवे की तरफ चले गए। आरोपियों ने हाईवे पर भी हथियार दिखाकर वाहनों को रोकने का प्रयास किया लेकिन किसी ने भी गाड़ी नहीं रोकी। इसके बाद आरोपी सड़क के नीचे खेतों की तरफ भाग गए। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की और कार्रवाई करते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर राहुल त्यागी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की की जांच की जा रही है।