जिले में कोरोना के रविवार को 7 नए केस मिले वहीं ब्लैक फंगस के भी दो मरीज सामने आए हैं और एक की मौत हो गई है। कोरोना के 23 मरीज ठीक होकर घर चले गए हैं। उधर डीसी ने बताया कि लॉकडाउन को सरकार ने 28 जून तक बढ़ा दिया है। सभी दुकानें सुबह 9 बजे से रात आठ बजे तक, मॉल सुबह 10 बजे से रात्रि आठ बजे तक, रेस्टोरेंट, बार (होटल अथवा मॉल में स्थित हैं) सुबह 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक 50 प्रतिशत बैठने की क्षमता के साथ खोलने की इजाजत है। होटल, रेस्टोरेंट व फास्ट फूड प्रतिष्ठानों से होम डिलीवरी की अनुमति रात्रि 10 बजे तक रहेगी। जिले में स्थित धार्मिक स्थल एक समय में 50 लोगों की उपस्थिति के साथ खुल सकते हैं। विवाह समारोह में व अंतिम संस्कार के दौरान 50 लोग शामिल हो सकते हैं जबकि विवाह समारोह में बारात की अनुमति नहीं होगी। गोल्फ कोर्स के क्लब हाउस, रेस्टारेंट, बार में भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुलने की अनुमति सुबह 10 से रात्रि 10 बजे तक की रहेगी। जिम सुबह छह बजे से रात्रि आठ बजे तक 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुलने की अनुमति रहेगी।