करनाल। छत के रास्ते दुकान में घुसकर गल्ला तोड़कर डेढ़ लाख रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। बालाजी कॉलोनी निवासी शिव कुमार ने असंध थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी मुख्य बाजार असंध में गुरुद्वारा चौक पर शिव किराना स्टोर के नाम से दुकान है। रोजाना की तरह तीन सितंबर को रात आठ बजे दुकान बंद करके वह अपने घर चला गया था। जब वह अगले दिन चार सितंबर को सुबह आठ बजे पहुंचा और उसने जब अपनी दुकान का ताला खोला और अंदर गया तो देखा कि दुकान के काउंटर के तीन दराजों के लॉक तोड़ रखे थे और गल्ले का लॉक तोड़कर उसमें रखे हुए डेढ़ लाख रुपये चोरी हुए मिले। उसने चारों तरफ आस-पास पड़ोस में पता किया लेकिन चोरों का कोई पता नहीं चला। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि चोर छत के रास्ते से उसकी दुकान के अंदर घुसे थे। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।