संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा (करनाल)। नवनिर्वाचित विधायक एक्शन मोड में आ गए हैं। विधायक हरविंद्र कल्याण ने विकास कार्यों को लेकर शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि लापरवाह अधिकारी स्वयं अपना तबादला करवा लें या सुधर जाएं।
बताया जा रहा है कि इसके बाद धान खरीद में लगी सरकारी एजेंसी के एक इंस्पेक्टर को तुरंत प्रभाव से हटा दिया है। बैठक के बाद विधायक हरविंद्र कल्याण एसडीएम राजेश सोनी, मार्केट कमेटी के अधिकारियों के साथ मंडी में पहुंचे और किसानों से बातचीत कर फसल बेचने में आ रही समस्याएं जानीं।
मार्केट कमेटी सचिव चंद्र प्रकाश ने बताया कि घरौंडा के राइस मिलरों में तीन या चार खरीद कर रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से बाहर से करीब 15 और राइस मिलों को घरौंडा में धान की खरीद करने के लिए आदेश जारी किए हैं, लेकिन इनमें से ज्यादा राइस मिल खाद्य आपूर्ति की ही खरीद कर रहे हैं। हैफेड और स्टेट वेयरहाउस पर ज्यादा मिलर न होने के कारण एजेंसियो द्वारा खरीदी गई धान का उठान नहीं हो पा रहा है। जिससे मंडी में समस्या बढ़ती जा रही है।