संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नवरात्र में देवी का रूप कन्या पूजन की परंपरा है। लेकिन कन्याओं को ढूंढने के लिए लोग गलियों और घरों के बाहर घूमते नजर आते हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकि कन्या को जन्म से पहले या बाद में मार दिया जाता है। अब नवरात्र के पहले दिन शहर के सेक्टर-4 स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में एक सात माह की नवजात कन्या का भ्रूण मिला है। सूचना मिलने पर सेक्टर-4 चौकी पुलिस और सिटी थाना प्रभारी कमलदीप अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भ्रूण को कब्जे में लेकर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस में भिजवाया।
इस बारे में सिटी थाना प्रभारी कमलदीप ने बताया कि उनके पास सूचना आई थी कि सेक्टर-4 के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पर गंदे नाले से बहता हुआ एक भ्रूण आया है। प्लांट के कर्मचारी जब मशीनों से पानी में से कूड़ा उठाकर अलग कर रहे थे तब उन्हें एक भ्रूण मिला है। यह भ्रूण कन्या का है जो कि करीब सात महीने का हो सकता है।
चौकीदार के बयान पर दर्ज करेंगे मामला
सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में जिलेभर के सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पताल में अभी हाल ही में हुई डिलीवरी या मिसकैरेज की जानकारी ली जाएगी। वहीं इसमें सभी आशा वर्कर और दाई को शामिल किया जाएगा।
दो दिन पुराना हो सकता भ्रूण
सिटी थाना प्रभारी कमलदीप ने बताया कि भ्रूण दो दिन पुराना हो सकता है, क्योंकि उसका रंग सफेद पढ़ चुका है। यह कोई आज का भ्रूण नहीं है। क्योंकि जब नहर से शव बाहर निकाले जाते हैं तो उनकी त्वचा भी सफेद पड़ जाती है।