माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बसताड़ा स्थित आरपीआईआईटी से भी अब पांच दिवसीय ड्रोन पायलट प्रशिक्षण ले सकते हैं। इसके लिए सीएससी पर पंजीकरण कराना होगा। इच्छुक व्यक्ति की आयु 18 से 65 वर्ष होनी चाहिए और वह 10वीं पास होना चाहिए। भारत सरकार से प्रमाणित कोर्स के दौरान रहने की सुविधा भी मिलेगी।
सीएससी के जिला प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि ड्रोन क्या है, यह कैसे काम करता है, इसे कैसे उड़ाया जाता है। ड्रोन कितने प्रकार के होते हैं और इनका प्रयोग कहां-कहां किया जाता है। ड्रोन का रख-रखाव और उपयोग करने की सावधानियां कौन सी हैं। इन सब विषयों की जानकारी प्रशिक्षण में दी जाएगी। प्रशिक्षण लेने के लिए इच्छुक व्यक्ति किसी भी सीएससी में अपना पंजीकरण करवा सकता है।
रजिस्ट्रेशन वीलेज लेवल एंटरप्रोन्योर करेंगे। इसे लेकर शुक्रवार को 90 वीएलई को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें हरियाणा सरकार द्वारा सीएससी से जोड़ी गई कुछ नई सेवाओं की भी जानकारी दी गई। जिला प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि ड्रोन पायलट बनने का प्रशिक्षण केशव फ्लाइंग एकेडमी की ओर से दिया जाएगा। जिसमें कुछ शुल्क भी निर्धारित है।
शुल्क, रजिस्ट्रेशन और प्रशिक्षण से संबंधित कोई भी जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति सीएससी हरियाणा के एजीएम प्रभजोत सिंह के मोबाईल नम्बर 94672-72922 पर संपर्क कर सकता है। इस अवसर पर सीएससी हरियाणा के एजीएम प्रभजोत सिंह और स्टेट हैड आशीष कुमार भी उपस्थित रहे।