- शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने 7646 घरों में खंगाला लार्वा
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को 7646 घरों में मच्छर के लार्वा की तलाश की। एक दिन में 82 घरों में पर मच्छर का लार्वा मिला और 49 मकान मालिकों को नोटिस थमाया गया। फिलहाल जिले में डेंगू के 42 केस सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के केस मिलने के बाद उक्त स्थानों पर फॉगिंग व एंटी लार्वा गतिविधियां चलाने के निर्देश जारी किए है।
उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि विभाग कि टीमें अलर्ट मोड में रोजाना घर-घर जाकर मच्छर का लार्वा को तलाश कर उन्हें नष्ट करवा रही है। इसके साथ ही आमजन को डेंगू से बचाव बारे सचेत व जागरूक भी कर रही है। विभाग की गठित टीमों ने जनवरी से अब तक 9,70,501 घरों को कवर कर लिया हैं। जिसमें से अभी तक 5705 घरों में लार्वा मिल चुका है और टीमों ने कुल 2891 मकान मालिकों को नोटिस थमाया है।
वहीं जिले में बुखार से पीड़ित कुल 3584 संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर जांच की जा चुकी है। जिनमें से जिले में अब तक 42 डेंगू के केस आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में मच्छर प्रजनन स्थलों को चिह्नित कर व मच्छर प्रजनन रोकने के उपाय के बारे में आम जनता को जागरूक किया जा रहा है। पानी की टंकी व घरों के अंदर साफ पानी जमा करने के बर्तनों को ढक कर रखने, दिन में मच्छरों के काटने से बचाव को लेकर व्यक्तिगत सुरक्षा उपाय को अपनाने, विद्यालय में डेंगू पर आधारित कुछ विशेष गतिविधि जैसे क्विज, ड्राइंग कंपटीशन गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। संवाद
एडीज मच्छर के काटने फैलता है डेंगू
मलेरिया विंग से बायोलॉजिस्ट पिंकी ने बताया कि डेंगू एडीज मच्छर के काटने से होता है, जिससे बचाव जरूरी है। यह मच्छर दिन में काटता और स्थिर एवं साफ पानी में पनपता है। तेज बुखार, बदन, सिर एवं जोड़ों में दर्द और आंखों के पीछे दर्द हो तो सतर्क हो जाएं। त्वचा पर लाल धब्बे या चकत्ते का निशान, नाक- मसूड़ों से या उल्टी के साथ रक्त स्राव होना और काला पखाना होना डेंगू के लक्षण हैं। इन लक्षणों के साथ यदि तेज बुखार हो तो तत्काल नागरिक अस्पताल जाएं और अपना इलाज करवाएं। बुखार के साथ ही साथ शरीर में खून की कमी होने लगती है।