- ई-अधिगम के तहत चल रहे प्रशिक्षण शिविर, ताकि विद्यार्थियों को टैबलेट पर काम कराने के लिए सक्षम हों शिक्षक
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। ई-अधिगम योजना के तहत 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को टैबलेट पर भी पढ़ाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों और प्रिंसिपलों को विशेष रूप से टैबलेट चलाने और इस पर दी जाने वाली पाठ्यसामग्री के संबंध में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लेकिन वीरवार को अंसध में हुए प्रशिक्षण शिविर में 14 स्कूली शिक्षक एवं मुखिया बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे। ऐसे में इन्हें शिक्षा अधिकारी की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यदि जवाब नहीं दिया तो निदेशालय की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
टैबलेट का बेसिक ज्ञान लेना इन कक्षाओं को पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए जरूरी है। क्योंकि प्रशिक्षण शिविरों के उपरांत यही शिक्षक कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों को भी प्रशिक्षित करेंगे। उसी आधार पर जून की छुट्टियों में विद्यार्थी टैबलेट पर होमवर्क कर सकेंगे।
खंड असंध में खंड शिक्षा अधिकारी बलजीत सिंह की अध्यक्षता में शिविर लगा। जिसमें 136 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें 23 स्कूल मुखिया और अन्य नौवीं और 10वीं को पढ़ाने वाले सामाजिक अध्ययन के अध्यापक व 11वीं और 12वीं कक्षा के हिंदी और अंग्रेजी पढ़ाने वाले अध्यापक रहे। प्रशिक्षण का संचालन जिला गणित विशेषज्ञ एवं ई-अधिगम के जिला नोडल अधिकारी छत्रपाल ने किया। मुख्य मास्टर ट्रेनर के रूप में ज्योति ने टैबलेट की कार्यप्रणाली समझाई। ब्यूरो
हाजिरी से टेस्ट तक टैबलेट पर दिया
प्रशिक्षण शिविर में सुबह बारकोड स्कैन करके हाजिरी लगाई गई। इसके बाद पूरे खंड के सभी अभ्यर्थियों का एक ई-अधिगम व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया। अध्यापकों को अधिगम की कितनी जानकारी है इसके लिए प्री टेस्ट भी लिया। बाद में पूरे प्रशिक्षण के दौरान अलग-अलग बिंदुओं पर जानकारी दी गई। इसके बाद फिर टेस्ट हुआ। अध्यापकों ने कितना सीखा अंत में फीडबैक फार्म करवाते हुए प्रशिक्षण का समापन किया। शिक्षकों को बताया कि अधिगम के सभी मॉड्यूल पैल ऐप, वन स्टूडेंट ऐप, वन टीचर ऐप, टीचिंग लर्निंग, साइकिल टीचिंग टेक्निक यह सभी टेबलेट का उपयोग करने से आसान होंगी।