जिला शिक्षा अधिकारी ने बैठक से बिना बताए गायब रहने पर एक प्रिंसिपल व एक हेडमास्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अगर नोटिस का जवाब नहीं दिया तो दोनों अधिकारियों पर गाज गिरना लाजमी है। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश गोरिया ने इंद्री के कई स्कूलों का निरीक्षण किया था। उसके बाद उन्होंने इंद्री में खंड के सभी स्कूलों के प्रिंसिपल व हेडमास्टरों की बैठक बुलाई लेकिन बैठक में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पटहेड़ा के प्रिंसिपल व खेड़ा स्कूल के मुख्याध्यापक नहीं पहुंचे तो जिला शिक्षा अधिकारी ने दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। बैठक की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र सचदेवा ने की। बीईओ रविंद्र सचदेवा ने फोन पर बताया कि खंड के सभी प्रिंसिपलों व मुख्याध्यापकों को बैठक के बारे में बताया गया था, लेकिन बैठक में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पटहेड़ा के प्रिंसिपल विद्यानंद व खेड़ा स्कूल के मुख्याध्यापक सचिन नहीं पहुंचे। अब दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।