निगदू। क्षेत्र में पहली बार गांव बीड-बडालवा के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में जन संवाद कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद कृष्ण लाल पंवार पहुंचे। लोगों की बातें सुननी शुरू की तो लोगों ने समस्याओं की झड़ी लगा दी। छात्राएं बोली- कॉलेज में शिक्षक ही नहीं है, कैसे पढ़ेगें और कैसे आगे बढ़ेंगे।
राज्य सभा सांसद ने सरकार की विभिन्न योजनाएं गिनाई। ग्राम पंचायत बीड-बडालवा की ओर से गांव में विकास कार्यो को लेकर मांग-पत्र दिया गया। लोगों ने बताया कि सीतामाई पुलिस चौकी व निगदू पुलिस थाना के तहत दी गई कई शिकायतों का समाधान नहीं हो रहा है। सांसद ने पुलिस अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए डीएसपी व थानाध्यक्ष को इन मामलों को गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि अधिकारी जनसंवाद को हल्के में न लें, इसकी रिपोर्ट मुख्यमंत्री भेजी जाएगी।
छात्राओं ने कहा कि निगदू कॉलेज में अध्यापक नहीं, आखिर बेटियां कैसे आगे बढ़ेगी। दो लड़कियों के शादी अनुदान का प्रार्थना पत्र 19 फरवरी 2019 को दिया था लेकिन अभी तक शादी अनुदान नहीं मिला। दो अधिकारियों ने 12 हजार की रिश्वत मांग कर एक लाख दिलवाने की बात कही। एक 60 वर्षीय बुजुर्ग ने कहा कि सांसद जी कभी ये समस्याएं एक रददी की टोकरी में ही पडी रहे। श्रवण शर्मा ने कहा कि वह व उसके बेरोजगार साथ करीब तीन साल से हरियाणा कौशल में रोजगार के लिए आवेदन कर रहे है लेकिन उनका कहीं पर कोई नाम नहीं आ रहा है। परिवार पहचान पत्र की ही कुल साठ शिकायतें आई। सांसद ने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग के हर मंगलवार को शिकायत सुनकर निराकरण करेंगे।