आम आदमी पार्टी की ओर से मानव सेवा संघ के प्रांगण में मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष अमित परोचा ने कहा कि एक तरफ तो भ्रष्टाचार मिटाने के लिए, काले धन पर लगाम लगाने के लिए गत दिनों प्रधानमंत्री मोदी ने नोटबंदी की थी, जिसमें 500 व 1000 के नोट अमान्य कर दिए गए थे। दूसरी ओर प्रधानमंत्री कह रहे हैं, आप काला धन लाओ उसका 50 प्रतिशत काटकर बाकी वापिस कर दिया जाएगा। वह खुद ही इस बात को बढ़ावा दे रहे हैं। इसी विषय को लेकर आज आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे पर मंथन किया। अमित परोचा ने कहा कि नोटबंदी लोगों के लिए गले की फांस बनी हुई ही। लोगों का सारा दिन बैंकों के बाहर लाइन में खड़े ही गुजर जाता है। काम काज पर जाने वाले लोग भी कई कई घंटे बैंक या एटीएम की लाइन में लगे रहते हैं। प्रधानमंत्री को नोटबंदी से पहले ध्यान रखना चाहिए था कि लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो। नोटबंदी को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए थे। इस मौके पर जगदीप राणा, जेपी शेखपुरा, संजीव मेहता, परविंद्र सिंह, रामपाल बजीदा, नीरज, गौरव गोयल, सुभाष मान, प्रेम सामरा आदि मौजूद रहे।