मानव संसाधन मंत्रालय और शिक्षा विभाग की ओर से नेशनल मीन्स मेरिट स्कॉलरशिप (एनएमएमएस) परीक्षा के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। परीक्षा 20 नवंबर को आयोजित होगी। इसके लिए करनाल में कुल सात केंद्र बनाए गए हैं। जहां कुल 1906 विद्यार्थी परीक्षा में हिस्सा लेंगे।
सरकारी स्कूलों में कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले विद्यार्थी ही इस परीक्षा में हिस्सा लेंगे। इसके तहत परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को एक हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से छात्रवृत्ति दी जाएगी। छात्रवृत्ति देशभर के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे 8वीं कक्षा के मेधावी छात्रों के लिए है। तकरीबन एक लाख मेधावी छात्रों को 9वीं से 12वीं कक्षा तक की स्कूली पढ़ाई पूरी करने के लिए यह छात्रवृत्ति दी जाती है। प्रदेश में 2337 पात्र विद्यार्थियों को यह छात्रवृत्ति मिलती है। परीक्षा सुबह 11 से दो बजे तक होगी। ब्यूरो
ये रहेगा परीक्षा का प्रारूप
जिला गणित विशेषज्ञ छत्रपाल ने बताया कि परीक्षा में विज्ञान के 35, गणित के 20 और सामाजिक विज्ञान के 35 प्रश्न शामिल किए जाएंगे। इसके अलावा 90 प्रश्न मानसिक योग्यता को जांचने के लिए होंगे। सभी प्रश्न बहु विकल्प प्रकार के एवं एक एक नंबर के होंगे। सभी प्रश्न अनिवार्य होंगे। विद्यार्थियों को प्रश्न पत्र पुस्तिका के साथ ओएमआर शीट दी जाएगी, जिसमें उन्हें ठीक उत्तर पर मार्क करना होगा।
इन केंद्रों पर इतने विद्यार्थी देंगे परीक्षा
केंद्र परीक्षार्थी
डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नजदीक बस स्टैंड 276
डीएवी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रेलवे रोड 276
राजकीय कन्या हाई स्कूल अर्बन अस्टेट, सेक्टर-13 276
राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रेमनगर 276
राजकीय हाई स्कूल प्रेमनगर 276
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल नजदीक बस स्टैंड 276
जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेलवे रोड 250
वर्जन-
निर्धारित शेड्यूल के अनुसार एनएमएमएस परीक्षा 20 नवंबर को होगी। परीक्षा केंद्र जिला मुख्यालय पर ही बनाए गए हैं। परीक्षा हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा संचालित की जाएगी। - राजपाल चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी