- पहली बार अमेरिका के बजाय दुबई तो दूसरी बार भेज दिया श्रीलंका
- रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी, सोनीपत का रहने वाला है आरोपी एजेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सोनीपत के एक एजेंट ने करनाल के पिचौलिया गांव निवासी युवक को विदेश भेजने के नाम पर 23.72 लाख रुपये हड़प लिए। युवक को पहली बार अमेरिका भेजने की बजाय उसे दुबई भेज दिया, वहीं दूसरी बार फिर विश्वास में लेकर उसे अमेरिका की बजाय श्रीलंका भेज दिया। जिसके बाद पीड़ित युवक को स्वयं टिकट कर वापस भारत आना पड़ा। अब युवक ने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे तो परिवार सहित जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पिचौलिया गांव निवासी लखन पाल ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी प्रवीन कुमार निवासी आदर्श नगर, सोनीपत लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। उसकी आरोपी से अमेरिका भेजने बारे बातचीत हुई थी। जिसमें आरोपी से 32 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था और उसे अमेरिका भेजने के बाद ही रुपये देने की बात हुई थी। आरोपी ने उसे विश्वास में लेकर अमेरिका भेजने की बजाय दुबई भेज दिया। जहां पर उससे सात लाख रुपये ले लिए। उसके बाद उसे तासगंज भेज दिया जहां पर आरोपी ने उससे 2.75 लाख रुपये ले लिए। उसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर उससे दो हजार यूएस डॉलर अपने किसी दोस्त को दिलवा दिए।
आरोपी ने उसे वहां पर दो माह रखा लेकिन अमेरिका नहीं भेजा। इसके बाद उसे आरोपी ने भारत बुला लिया। जब उसने आरोपी से रुपये मांगे तो उसने उसे दोबारा विदेश भेजने के नाम पर 12.37 लाख रुपये ले लिए। उसके बाद आरोपी ने उसे विश्वास दिलाने के लिए दो चेक काट कर दे दिए लेकिन आरोपी ने उसे अमेरिका भेजने की बजाय श्रीलंका भेज दिया। वहां भी वह एक महीना रहा फिर स्वयं टिकट खरीदकर वापस भारत आना पड़ा। आरोपी ने इस तरह उससे 23.72 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।