- अनाज मंडी के दोनों गेट के बीच छह कनाल में होगा स्थापित, पैमाइश के बाद सफाई का काम जारी
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल (निगदू)। लोक निर्माण विभाग की ओर से 1.18 करोड़ रुपये की लागत से निगदू में छह कनाल जमीन पर नए बस अड्डे का निर्माण करवाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी की ओर से बस स्टैंड पर थ्री बैज स्थापित किए जाएंगे। यानी तीन बसों के ठहराव की व्यवस्था होगी। विभाग की ओर से टेंडर अलॉट हो चुका है आने वाले कुछ दिनों में बस अड्डे को बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
अभी तक मैन रोड पर ही बसों का ठहराव होता है। फिलहाल पंचायत की ओर से जमीन की सफाई करवाई जा रही है। नया बस अड्डा बनने से यहां पर बसों का ठहराव होगा। निगदू की करीब 17 हजार अबादी के साथ ही अन्य मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को भी इसका फायदा होगा। मंगलवार को ठेकेदार की ओर से जमीन की पैमाइश करवाई जा चुकी है। छह कनाल जगह में से तीन हजार जगह को कवर किया जाएगा। समाजसेवी सुभाष ने बताया कि निगदू गांव में बस अड्डा बनाने की लोगों की काफी पुरानी मांग है। जिसे 2015 में तरावड़ी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम मनोहर लाल ने निगदू गांव में बस स्टैंड बनवाने की घोषणा की थी। बस स्टैंड के निर्माण से नीलोखेड़ी, ढांड, पेहवा, कुरुक्षेत्र, बीड बडालवा, कौर, माजरा, थीरा आदि की ओर जाने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा।
बस स्टैंड के लिए मार्केट कमेटी से खरीदी जमीन
निगदू में बस अड्डा बनाने के लिए अनाज मंडी के दोनों गेट के बीच करीब छह कनाल जमीन को पंचायत ने तीन करोड़ 77 लाख रुपये में खरीदा है। ताकि यहां पर बस अड्डे का निर्माण करवाया जा सके। निगदू में नया थाना बनाने की प्रक्रिया भी चल रही है। निगदू में विद्यार्थियों के लिए कॉलेज बनाने की प्रक्रिया भी जारी है। जिसके लिए पंचायत साढे़ नौ एकड़ भूमि शिक्षा विभाग को 33 सालों के लिए लीज पर देगी। जिसकी कीमत एक एकड़ की एक रुपये रखी गई है। यानि साढ़े नौ रुपये पंचायत को ठेके के रूप में मिलेंगे।
गांव निगदू में नया बस अड्डा बनाने का काम दो चार दिनों में शुरू हो जाएगा। जिस पर विभाग की ओर से एक करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से बनवाया जाएगा। जिसमें थ्री बैज बनाए जाएंगे। निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाएगा।
- ऋषि सचदेवा, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, करनाल