करनाल। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का पराक्रम, वसंत पंचमी का ज्ञान-संस्कार और दीनबंधु छोटू राम का सामाजिक न्याय तीनों मिलकर भारत की आत्मा का निर्माण करते हैं। वह शुक्रवार को हार्ट्रोन केंद्र असंध में आयोजित विचार गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नेताजी ने आजादी के लिए जो साहसिक मार्ग चुना वह आज की युवा पीढ़ी को राष्ट्रहित में निडर होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। वहीं वसंत पंचमी भारतीय ज्ञान परंपरा का उत्सव है। छोटू राम के संघर्षों के कारण ही आज ग्रामीण समाज को सम्मान और अधिकार की भाषा मिली। डॉ. चौहान ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन महापुरुषों के विचारों को पढ़ें, समझें और अपने आचरण में उतारें। अधिवक्ता नरेंद्र शर्मा, कृष्ण, शिक्षक गीता देवी, पायल, शुभम, सोनम, पल्लवी आदि मौजूद रहीं। ब्यूरो