निसिंग। ब्रास गांव में घर के बाहर गली में कूड़ा डालने के विवाद में पड़ोसी भिड़। मारपीट में कस्सी व डंडे चले। इसमें दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव के जब्बर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार सुबह मेरा पड़ोसी बिरम अपने पशुओं का गोबर व कूड़ा हमारे घर के बाहर फेंक रहा था। मैने उसे कचरा गली में डालने से रोका। इस पर बिरम हाथ में कस्सी लेकर मुझे मारने के लिए आया। आरोप है कि धमकी देते हुए कहा कि गली में तुम्हारे घर का रास्ता बंद कर दूंगा। इसी बीच बिरम की पत्नी सहित दोनों लड़के सोनू व मोनू ने लाठी व ईंट कस्सी के साथ मुझ पर हमला कर दिया।
मेरी चीख की आवाज सुनकर मेरा लड़का अनिल, पुत्रवधू पूनम, रामबूल, आर्य ने छुड़वाने को आए। पूनम को बिरम की पत्नी बिमला ने पकड़ लिया। बिरम सिंह ने पूनम के सिर पर कस्सी से वार किया। इससे मेरी पुत्रवधू पूनम बेहोश होकर गिर गई। सुनीता पत्नी सोनू, गीता पत्नी मोनू ने अपनी छत पर चढ़कर ईंट पत्थरों से मेरे लड़के अनिल व मेरे पोते आर्य पर हमला कर दिया।
लड़ाई को रुकवाने के लिए मेरे पड़ोसी काली चरण, दीपू , प्रदीप आए। इस पर बिरम सिंह व उपरोक्त सभी ने मिलकर ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। जब्बर सिंह ने बताया कि इनके साथ पहले भी हमारा झगड़ा इस गली को लेकर हो चुका है। हमने निशानदेही ली तो गली में इनका नाजायज कब्जा पाया गया। उन्होंने गली पर धक्के से कब्जा किया है।