निसिंग के सांभली मोड़ पर बना गहरा गढ्ढा।
- फोटो : AMAR UJALA
निसिंग। निसिंग से सांभली राेड़ की ओर जाने वाली सड़क के मोड़ पर गहरा गढ्ढा किसी बड़े हादसे को निमंत्रण देता प्रतीत हो रहा है। जो कि राहगीरों व किसानों सहित अन्य लोगों के लिए किसी खतरे से खाली नहीं है। राहगीरों में सोहन, नरेश ब्रास, जसविंदर, बालकृष्ण व जयदेव कहना है कि सीजन के समय में किसानों को मंडी में फसल लेकर जाते समय इस गहरे गढ्ढे के कारण हर राेज परेशानी का सामना करने को मजबूर होना पड़ रहा है। कई बार तो ट्राली से गेहूं की फसल छलक कर सड़क पर गिर जाती है। जिससे किसान को नुकसान हो रहा है। करनाल कैथल रोड़ का निर्माण कार्य चल रहा है। जिस कारण ज्यादातर लोग करनाल जाने के लिए सांभली रोड़ से काछवा होकर करनाल जाते है। ऐसे में सड़क हर समय व्यस्त रहती है। सड़क के मोड़ पर बने गहरे गढ्ढे के कारण कई दोपहिया वाहन भी चोटिल हो चुके हैं। इसके साथ ही दूसरे बड़े लोडिड वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे है। उनका यह भी कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क के बीचोंबीच बने इस गढ्ढे में पानी जमा हो जाता है। जिससे हर समय सड़क पर पानी खड़ा रहता है। सभी ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द इस गढ्ढ़े की मुरम्मत करवाई जाए।