‘मेरे ही सजेंगे दामन चुंदड़ी, ओह तेरी पगड़ी रै.. नारंगी सेहरे आली’। ‘मेरी पतली कमर नाड़ा जुब्बेदार ल्याईयो..’ व ‘पूरे कर दूंगा तेरे मैं ड्रीम गौरी रै, ल्या दूं लंदन की क्रीम गोरी रै..’ जैसे प्रचलित गीतों पर बेटियों ने नृत्य की प्रस्तुति देकर रंग जमाया। रागनी और स्किट के माध्यम से जहां हरियाणवी संस्कृति की छटा बिखेरी। वहीं सामाजिक बुराइयां पर कटाक्ष किया।
मौका था जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का। जिसका आयोजन शिक्षा विभाग की ओर से राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेलवे रोड पर किया गया था। दो दिवसीय उत्सव के पहले दिन कक्षा पांचवीं से आठवीं तक की छात्राओं ने प्रस्तुति दी। जिनमें नृत्य और रागनी में करनाल की बेटियां प्रथम रहीं। वहीं हरियाणवी स्किट में नीलोखेड़ी की छात्राओं का दबदबा रहा। प्रतियोगिता के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को कक्षा नौवीं से 12वीं तक की छात्राएं इन चारों विधाओं में हिस्सा लेंगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी राजपाल और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने की। वहीं मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला मुख्यातिथि के रूप में पहुुंचे। भाजपा के जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा और खेल प्रकोष्ठ के सह संयोजक सोहन सिंह राणा विशेष रूप से पहुंचे। मंच संचालन ईशा चौधरी ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी प्रिंसिपल महेंद्र सिंह और मनदीप शर्मा रहे। उप जिला शिक्षा अधिकारी महावीर उपस्थित रहे।
ये रहे परिणाम
- एकल नृत्य : जीजीएमएसएसएसएस रेलवे रोड प्रथम, जीजीएसएसएस असंध द्वितीय, जीजीएसएसएस पोपड़ा तृतीय और जीपीएस-2 घरौंडा को सांत्वना पुरस्कार।
- समूह नृत्य : जीजीएमएसएसएसएस रेलवे रोड प्रथम, जीजीएसएसएस असंध द्वितीय, जीजीएसएसएस पोपड़ा तृतीय और जीएसएसएस इंद्री को सांत्वना पुरस्कार।
- रागनी : जीजीएमएसएसएसएस रेलवे रोड प्रथम, जीएसएसएस इंद्री द्वितीय, जीपीएस नीलोखेड़ी तृतीय और जीजीएसएसएस पोपड़ा को सांत्वना पुरस्कार।
- स्किट : जीएसएसएस नीलोखेड़ी प्रथम, जीएमएसएसएसएस ब्याना द्वितीय, जीएसएसएस बड़ौता तृतीय और जीएमएस बीर बड़ालवा को सांत्वना पुरस्कार।