जाट धर्मशाला के समीप खंडहर में बुधवार को मिले एक युवक के शव की पहचान मॉडल टाउन निवासी रवि के रूप में हुई। पुलिस ने तीन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है। वीरवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वाल्मीकी बस्ती माडल टाउन निवासी राजाराम ने बताया कि पुराना कुंजपुरा रोड पर उनकी मीट की दुकान हैं। उनके पास काम करने वाले दो लड़कों में रवि उर्फ पुनी (22) भी था। उसके अलावा एक लड़का और दो लड़कियां भी काम कर रहे हैं। बताया कि रवि चार दिन पहले से लापता था। बुधवार शाम सूचना पर उसके शव की पहचान की। उन्होंने बताया कि रवि के साथ बड़ी वाल्मीकी बस्ती माडल टाउन निवासी विकास, गोगी और गौरव रहते थे। सभी एक साथ नशा करते थे। वे अक्सर रवि को जान से मारने की धमकी देते थे। शक जताया कि इन सभी ने उसे मिलकर मार डाला। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई है।