प्रेमिका के पति का हत्यारोपी प्रेमी गिरफ्तार
दोनों ने सूरजभान की हत्या कर नहर में फेंक दिया था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। गांव काछवा में प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जिसे दो दिन के रिमांड पर लिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी रानी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के अनुसार 8 मार्च को आरोपी पत्नी रानी ने सदर थाना में गांव काछवा जिला करनाल निवासी अपने पति सूरजभान के बिना बताए घर से गायब होने की सूचना दी थी। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर 346 आईपीसी की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया था। जांच के बाद 14 मई को सदर थाना प्रबंधक निरीक्षक बलजीत सिंह व उनकी टीम द्वारा सूरजभान की पत्नी रानी को गिरफ्तार किया था। जिसने अपने एक दोस्त सलिंद्र निवासी गांव काछवा के साथ मिलकर रात के समय पति सूरजभान की हत्या कर शव गाड़ी में रखकर नहर में फेंकने का खुलासा किया था। जिसके बाद मामले में हत्या, शव खुर्द-बुर्द करने आदि धाराओं को जोड़ा गया। महिला आरोपी का साथी फरार चल रहा था। पुलिस ने 19 मई को आरोपी सलिंद्र को भी इंद्री रोड बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया।