- दोबारा रेहड़ी लगाने पर होगी सख्त कार्रवाई, रेहड़ी सहित सामान होगा जब्त, पांच हजार रुपये तक कट सकता है चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नगर निगम की सफाई शाखा के प्रवर्तन दल ने वीरवार को शहर की मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान पुरानी सब्जी मंडी स्थल पर लगी करीब दो दर्जन रेहड़ियों को कर्ण (मुगल) कैनाल स्थित अस्थाई मंडी भेजा गया। इसके अतिरिक्त सब्जी मंडी रोड पर खड़ी 35 रेहड़ियों को भी अस्थाई मंडी भेजा गया और सभी रेहड़ी संचालकों को सख्त चेतावनी दी कि इस स्थान पर कोई रेहड़ी नहीं लगाई जाएगी।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि निगम की ओर से पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में लगने वाली तमाम रेहड़ियों को कर्ण कैनाल स्थित अस्थाई मंडी में शिफ्ट करवाया गया था लेकिन फिर भी कुछ रेहड़ी संचालक दोबारा इस स्थान पर अपनी रेहड़ियों को लगा रहे थे, जिसे लेकर कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि सभी रेहड़ी संचालकों को चेताया गया है कि दोबारा पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में रेहड़ी लगाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन दल रोजाना यहां का दौरा करेगा। अगर कोई रेहड़ी दोबारा लगी मिली, तो उसे सामान सहित कब्जे में लिया जाएगा और जुर्माना भी लगाया जाएगा, जो 500 रुपये से पांच हजार रुपये तक का हो सकता है। इस मौके पर प्रवर्तन दल में मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेंद्र चोपड़ा, सफाई निरीक्षक ऊषा रानी व उनकी टीम मौजूद रही।
प्रवर्तन दल ने बलड़ी बाईपास चौक से इंद्री रोड स्थित नए बस स्टैंड को जाने वाले रास्ते पर अवैध रूप से लगाए गए खोखे और रेहड़ियों को भी हटाया। इस दौरान करीब 35 खोखे व रेहड़ियों को हटाया गया है। कार्रवाई के दौरान सभी को चेतावनी दी गई है कि कोई भी दोबारा इस स्थान पर खोखा या रेहड़ी इत्यादि को लगाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
निगमायुक्त ने की संचालकों से अपील
निगमायुक्त ने सभी रेहड़ी संचालकों से अपील की है कि वे शहर में यातायात व सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। वे अपनी मनमर्जी से कहीं भी सड़क पर रेहड़ी या खोखा इत्यादि न लगाएं, जिससे यातायात बाधित हो। उन्होंने दुकानदारों से भी अपील करते हुए कहा है कि बाजारों में लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में दुकानदार अपनी सीमा से आगे सामान को न रखें, ताकि अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न ना हो सके।