करनाल। बाइक को ओवरटेक कर रहे एक ट्राला ने मोटरसाइकिल को साइड मार दी। जिससे बाइक पर पीछे बैठे युवक की ट्राले के नीचे आने से मौत हो गई। बाइक चालक की बाजू टूट गई। जिसका शहर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बस्तली गांव निवासी मोहिंद्र सिंह ने तरावड़ी थाना पुलिस को बताया कि 21 मार्च को वह और उसके ताऊ का बेटा सुरेश अपनी बाइक पर सवार होकर घर से तरावड़ी जा रहे थे। बाइक वह चला रहा था। जब वे सौंकड़ा गांव के पास पहुंचे एक ट्राला उनकी बाइक से आगे निकल रहा था। तभी ट्राला चालक ने ट्राले को उनकी तरफ मोड़ दिया। जिससे उनकी बाइक की टक्कर ट्राले के साथ हो गई और वे दोनों सड़क पर जा गिरे। सुरेश गिरते ही ट्राले के पिछले टायरों के नीचे आ गया और मौके पर दम तोड़ दिया। वहीं उसकी बाजू टूट गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों के हवाले कर दिया है। घायल की शिकायत के आधार पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद