- एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य की थीम के साथ युवाओं व विद्यार्थियों ने निकाली रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। निफा (नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स) की ओर से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए रविवार को साइकिल रैली निकाली गई। एक धरती, एक परिवार, एक भविष्य की थीम एवं नारों के साथ साइकिल रैली में युवाओं व विद्यार्थियों ने उत्साह से हिस्सा लिया।
जिले में इंद्री, करनाल शहर, असंध और घरौंडा शाखा ने इसका आयोजन किया। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत संस्था स्विच ऑन फाउंडेशन व अन्य संस्थाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया गया। निफा के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष श्रवण शर्मा ने बताया कि वर्तमान में सबसे बड़ी समस्या जलवायु परिवर्तन की है। जिसके चलते सुनामी, बाढ़, पहाड़ों के दरकने जैसी स्थितियां उत्पन्न हो रही हैं। ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि निफा के राष्ट्रीय प्रधान अनिमेष देबराय की देखरेख में प्रदेश में 101 स्थानों पर साइकिल राइड निकाली गई है। करनाल में पर्यावरण संरक्षण साइकिल रैली में निफा की युवा टीम के साथ शिव शक्ति विद्या मंदिर करनाल, निफा केयर क्लास, राजकीय मॉडल स्कूल मुसेपुर, राजकीय हाई स्कूल खेड़ा, राजकीय मॉडल स्कूल ननहेड़ा, मनोहरपुर, जोहड़माजरा, इंद्रगढ़ के राजकीय स्कूलों, मून स्टार पब्लिक स्कूल घरौंडा, गुरु अर्जुन देव पब्लिक स्कूल असंध, साइकिल क्लब घरौंडा सहित अन्य संस्थाओं का भी सहयोग रहा। मौके पर निफा के जिला प्रधान रणजीत सिंह गरेटा, महासचिव हितेश गुप्ता, महिला विंग की वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. जसजीत सूद, महासचिव डॉ. भारती भारद्वाज, संयोजक अनीता पुंज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।