विधायक बनने के बाद सीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए निर्देश, सभी पार्कों का होगा सुंदरीकरण
- सीएचडी सिटी के सुधरेंगे हालात, 30 जून तक करनी होगी तालाबों-नालों की सफाई
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज को जल्द नए चिकित्सक मिलेंगे। इसके अलावा कर्मचारियों की कमी और अन्य समस्याओं का भी समाधान होगा। वहीं शहर की 39 अवैध कॉलोनियां भी जल्द नियमित कराई जाएंगी। साथ ही इन कॉलोनियों में भी मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। यह आदेश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिए।
उपचुनाव में करनाल से विधायक बनने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार की शाम को लघु सचिवालय में पहुंचकर अधिकारियों के साथ पहली बैठक ली। इस दौरान उन्होंने शहर के सभी पार्कों का सुंदरीकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएचडी सिटी के हालात भी सुधरेंगे और 30 जून तक शहर के सभी तालाबों और नालों की सफाई भी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएचडी सिटी के लोगों को स्वच्छता, सड़कों और बिजली की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए डीटीपी, नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारी शीघ्र एक प्रस्ताव तैयार करें ताकि लोगों की समस्याओं को शीघ्र अति शीघ्र समाधान हो सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिए कि कॉलोनियों में जितने भी विकास कार्य लंबित हैं, उन विकास कार्यों को शीघ्र अति शीघ्र पूरा किया जाए।
शहर में 39 कॉलोनियों के नियमित होते ही विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। इसके अलावा नगर निगम के अधिकारी पुराने समय में बने मकानों के डेवलपमेंट चार्ज को लेकर रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें ताकि आगामी कार्यवाही की जा सके और लोगों को राहत दी जा सके।
विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। बैठक में विधायक हरविंद्र कल्याण, उपायुक्त उत्तम सिंह, एसपी दीपक सहारण, निगम आयुक्त अभिषेक मीणा, एडीसी अखिल पिलानी, भाजपा के जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, निवर्तमान मेयर रेनू बाला गुप्ता, जगमोहन आनंद और बृज गुप्ता मौजूद रहे।
सात दिनों में दूर होंगी मेडिकल कॉलेज की समस्याएं
मुख्यमंत्री ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के निदेशक को आदेश दिए कि मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों, प्रशासन में स्टाफ को लेकर एक सूची तैयार करें। इस मेडिकल कॉलेज के रिक्त पड़े चिकित्सकों के पदों को जल्द भरा जाएगा और स्टाफ की कमी को एचकेआरएन के माध्यम से नियमानुसार भरा जाएगा। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में जितनी भी समस्याएं हैं उनको आगामी सात दिनों में दूर किया जाएगा।
बरसात में न आए लोगों को दिक्कत : सीएम
मुख्यमंत्री ने आदेश दिए कि करनाल जिले में जितने भी तालाब ओवरफ्लो हैं, उनकी सफाई करवाई जाए और सफाई के कार्य को बरसात से पहले किया जाए। इसके अलावा सिंचाई विभाग के अधिकारी घरौंडा के आसपास चल रहे विकास कार्यों को जल्द पूरा करें ताकि बरसात में लोगों को समस्या से न जूझना पड़े। इस कार्य को 30 जून से पहले पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को आदेश दिए कि शहर को स्मार्ट सिटी की लुक देने पर विशेष फोकस किया जाए। अशोका नर्सरी पार्क के साथ-साथ अन्य सभी पार्कों की सजावट, घास, जिम और अन्य विकास कार्यों को पूरा किया जाए।