संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज की ओर से आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले में मास्टर मुकेश ने तीन पदक जीत कर जिले का नाम रोशन किया। इसका आयोजन 13 दिसंबर से 15 दिसंबर तक बिहार के पाटलिपुत्र स्टेडियम में किया गया। मास्टर मुकेश धनिया ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। साथ ही उन्होंने 100 मीटर दौड़ में रजत और 4x100 रिले रेस में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मुकेश धनिया हाल ही में गांव सदरपुर में टीजीटी हिंदी के पद पर तैनात हैं। पदक जीतकर घर लौटने पर उन्होंने बताया कि उनकी इस सफलता के पीछे कोच ऋषि व उनकी धर्मपत्नी सुमन देवी का सहयोग है। पदक जीतने पर हसनपुर के सरपंच प्रतिनिधि जगबीर सिंह, पूर्व पार्षद जयभगवान सेन, कमांडो जितेंद्र पूनिया ने बधाई दी। संवाद