- शीतल की शेखपुरा सुहाना गांव निवासी विक्रम के साथ पांच वर्ष पहले हुई थी शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शेखपुरा सुहाना गांव में एक विवाहिता फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने उसके पति व ससुर पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में गढ़ी जाट्टान निवासी बलबीर ने बताया कि करीब पांच साल पहले उसने अपनी बेटी शीतल की शादी शेखपुरा सुहाना गांव निवासी विक्रम के साथ आश्रम सत्संग भवन रामपाल महाराज लाडवा में की थी। उसने बेटी को अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था मगर शादी के बाद विक्रम और उसके माता-पिता उसकी बेटी को और अधिक दहेज लाने के लिए परेशान करने लगे। उसे जान से मारने की धमकी भी देने लगे। वहीं विक्रम की दूसरे अमीर घर में शादी कराने की भी धमकी देने लगे।
इस बारे में कई बार उन्होंने सदर थाने में शिकायत दी थी लेकिन रिश्तेदार समझौता करा देते थे और लड़की को दोबारा ससुराल भेज देते थे।
30 जून को विक्रम का लगभग दो से तीन बजे उसके पास फोन आया कि शीतल झगड़ा कर रही है। उसने विक्रम से कहा था कि मेरी बात कराओ मगर विक्रम ने बात नहीं कराई।
इसके बाद मैंने कहा कि वह शीतल को घर लेकर आएं उसे समझा देंगे। लेकिन विक्रम अकेला ही घर आया, इसके बाद मेरा भतीजा सुमित, मेरी पत्नी महिंद्रो विक्रम के साथ उसके घर गए तो शीतल फंदे से लटकी थी।
थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि धारा 304बी के तहत केस दर्ज कर लिया है।