- परिजन बोले, देवर को विदेश भेजने के लिए मांग रहे थे 10 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सेक्टर-32-33 थानाक्षेत्र के आरके पुरम में सोमवार देर रात एक विवाहिता ने अपने मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ससुराल के अन्य लोगों ने कमरे में शव को लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक महिला के मायके वालों ने आरोप लगाया कि देवर को विदेश भेजने के लिए उसके ससुराल वाले रुपयों की मांग कर रहे थे। रुपये न देने पर बेटी को मारकर फंदे से लटका दिया गया।
महिला के मायके वालों ने पुलिस को बताया कि ब्रास गांव की रहने वाली अनु (25) की शादी 2012 में आरके पुरम निवासी अजय के साथ हुई थी। आरोप है कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले परेशान करते थे। जबकि वह प्राइवेट बैंक में नौकरी करके अपने बच्चों का पालन पोषण कर रही थी। उसका पति घर पर ही रहता था। घर का खर्च भी उनकी बेटी ही चलाती थी। बेटी के ससुराल वाले उसके देवर को विदेश भेजने की तैयारी कर रहे थे। जिसके लिए वह बेटी से 10 लाख रुपये मांग रहे थे। बेटी ने रुपये देने से इंकार कर दिया तो उसके साथ मारपीट करने लगे। उसने यह बात मायके में बताई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।