संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एक प्राइवेट कंपनी के मैनेजर द्वारा 9.39 लाख रुपये का गबन करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सतीश कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी फर्म श्री राम एग्रो इंडिया प्रीतम विहार करनाल में स्थित है। उनकी पेस्टीसाइड और फर्टिलाइजर की कंपनी है। वह फर्म में हर राज्य में एक सेलिंग मैनेजर रखते हैं जो कि अपने राज्य में सेलिंग व रिकवरी का काम देखता है। हमने अपनी फर्म में आरोपी रवि कुमार को रेवाड़ी हेडक्वाटर में सेलिंग मैनेजर रखा था, जिसने एक अप्रैल 2021 में ज्वॉइन किया। उसने फर्म में काम करने के लिए जो डीलर बनाए उनकी बिलिंग फर्म से करवाई, लेकिन उन डीलरों से रुपये की रिकवरी नहीं की।
इससे पहले आरोपी ने फर्म छोड़ दी। जब वे डीलरों के पास रिकवरी के लिए गए तो उन्होंने कहा कि कुछ सामान रवि कुमार ले गया है। जब वे फर्म देव खाद बीज भंडार के पास गए तो पता कि यह फर्म खुद रवि कुमार की है। कंपनी की पॉलिसी के अनुसार कोई भी स्टाफ स्वयं की दुकान पर बिलिंग नहीं करवा सकता। इसके बावजूद रवि ने अपनी दुकान पर 2 लाख 81 हजार 814 रुपये की बिलिंग करवा ली थी। आरोपी ने अन्य डीलरों से सामान लेकर अपनी दुकान पर बेच दिया और लगभग 9 लाख 39 हजार रुपये का गबन कर लिया।