- अपने घर को गिरवी रख दोस्त को दिलाया था 15 लाख रुपये का लोन मगर किस्त भरने से किया इनकार
- बैंक वाले अमरचंद को कर रहे थे परेशान, घर पर मिला एक नोट, प्राथमिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। फुसगढ़ गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति की दोस्त के घर में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
वहीं मृतक के घर से एक नोट भी मिला है। जिसमें उसने अपने दोस्त धर्मेंद्र उर्फ बोबी पर आरोप लगाए हैं कि उसे कुछ होता है तो इसका जिम्मेदार धर्मेंद्र उर्फ बॉबी होगा। क्योंकि उसने बॉबी को अपने घर को गिरवी रखकर 15 लाख रुपये का बैंक से लोन दिलवाया हुआ है लेकिन अब वह लोन की किस्त नहीं जमा कर रहा। जिससे बैंक वाले उसे परेशान कर रहे हैं।
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मृतक के बेटे सेक्टर-4 निवासी अजय ने बताया कि उसके पिता अमरचंद कई दिनों से परेशान थे। उसने जब उनसे इस बारे में पूछा था तो बताया था कि उसने बॉबी को अपने घर पर लोन लेकर 15 लाख रुपये दिए हैं। उसने कहा था कि वह किस्त जमा कराता रहेगा लेकिन अब उसने किस्त जमा कराने से मना कर दिया है। जबकि बैंक वाले उसे परेशान कर रहे हैं। वह उस समय पिता से बोला था कि वह इस बारे में पंचायत करेंगे।
इससे अगले दिन वह यमुनानगर चला गया तो उसके पिता बाइक पर धर्मेंद्र के घर चले गए। इसके बाद बॉबी का उसके पास फोन आया कि उसके पिता उसके घर पर हैं और वह कुछ बोल नहीं रहे। उसने कहा कि पिता को अस्पताल में दाखिल करा दे लेकिन उसने उन्हें अस्पताल में दाखिल नहीं कराया। इसके बाद उसने अपने दो दोस्तों को उसके घर भेजा तो पिता की मौत हो चुकी थी। घर आकर जब उसने अपने पिता के दस्तावेज देखे तो उसमें एक नोट मिला था। जिसमें लिखा था कि धर्मेंद्र उसे धमकी देता था।
अमरचंद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है। फिलहाल मौत का कारण हार्ट अटैक सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है।
- राजपाल, थाना प्रभारी सेक्टर-32, 33