संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। प्रदेश सरकार में सरकारी नौकरी पाकर वार्ड एक के वसंत विहार की दो सगी बहनों ने सरकार का आभार जताया है। मधु व रोजी ने बताया कि उन्होंने यह नौकरी मात्र 18-18 रुपये की सरकारी फीस के साथ फॉर्म भरकर पाई है। इस खर्च के अलावा उनका कोई भी खर्च नहीं आया। वहीं कैलाश गांव के गरीब परिवार से संबंध रखने वाले दो दोस्त भी नौकरी लगे हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों बहनों ने यह मुकाम रोजाना सात से आठ घंटे तक सभी विषयों का गहराई से अध्ययन करके पाया है। मधु व रोजी के पिता सुरेंद्र कुमार कृषि विभाग में कार्यरत है तथा उनकी मां भारती देवी गृहणी हैं। उनकी मां भारती का कहना है कि उन्हें अपनी बेटियों की मेहनत व मौजूदा सरकार पर इतना अटूट विश्वास था कि उन्हें नौकरी के लिए कही पर सिफारिश व मन्नत मांगने की भी जरूरत नहीं पड़ी।
बेटियों के घरेलू कार्य के साथ-साथ रोजाना के अभ्यास से यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने बताया की उनकी बड़ी बेटी रूबी भी सरकारी नौकरी पर कार्यरत है। उनका बेटा गौतम अभी नगर निगम में कौशल रोजगार निगम के तहत ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है।
मधु बिजली बोर्ड जेई के पद पर चुनी गई तो दूसरी बहन रोजी का चयन उच्चतर शिक्षा विभाग में क्लर्क के पद पर हुआ है। वह बताती हैं कि दोनों 2019 से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही हैं। इससे पहले कई प्रतियोगी परीक्षाएं दी लेकिन चयन नहीं हुआ। दोनों ने तैयारी जारी रखी और आखिर में मेहनत रंग लाई। इस बार दोनों की नौकरी लग गई। उन्होंने कहा कि परिवार में खुशी का माहौल है।
कैलाश गांव के दो दोस्तों को मिली सरकारी नौकरी
करनाल के कैलाश गांव के दो दोस्तों को भी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जारी परीक्षा परिणाम में ग्रुप-सी की नौकरी का तोहफा मिला है। क्लर्क के पद पर चयनित राम तिलक ने बताया कि उनके पिता का देहांत हो चुका है और मां एक मिड-डे मील कुक है। मां ने मेहनत करके पढ़ने के लिए प्रेरित किया, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। कई परीक्षाओं में असफलता हाथ लगी लेकिन इस बार उनका चयन क्लर्क के पद पर हुआ। घर में खुशी का माहौल है। इसी गांव के कपिल का भी क्लर्क के पद पर चयन हुआ है। कपिल के पिता मजदूरी करते हैं। उन्होंने मेहनत से अपने बेटे को पढ़ाया। इससे पूर्व उनका चयन ग्रुप-डी में भी हुआ था लेकिन उन्होंने तैयारी जारी रखी और इस बार उनका चयन ग्रुप-सी में हुआ। उन्हें स्वास्थ्य विभाग में क्लर्क के पद नियुक्ति मिली है।