करनाल। सैनिक स्कूल कुंजपुरा में वरिष्ठ सदनों के छात्रों के लिए अंतरसदनीय बाधा दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। एक के बाद एक हुए रोचक मुकाबलों में विद्यार्थियों ने जीत के लिए पसीना बहाया। वहीं दर्शकदीर्घा में बैठे विद्यार्थियों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का स्वागत किया।
प्रत्येक प्रतिभागी को विभिन्न चरणों में कुल 16 बाधा दौड़ को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया। दौड़ में कुरुक्षेत्र सदन प्रथम रहा। वहीं, पानीपत सदन द्वितीय, चिलियनवाला सदन तृतीय और थानेश्वर सदन चतुर्थ रहा। इसके अलावा व्यक्तिगत पुरस्कारों की श्रेणी में आदर्श चिलियनवाला सदन प्रथम, नीरज कुरुक्षेत्र सदन द्वितीय और रोहित कुरुक्षेत्र सदन तृतीय रहा। मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य स्क्वाड्रन लीडर मनप्रीत सिंह ने छात्रों के शारीरिक और मानसिक दृढ़ता की प्रशंसा की। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर सोनिया शर्मा, वरिष्ठ अध्यापक संजय चौहान और संयोजक भास्कर शुक्ला मौजूद रहे। ब्यूरो