संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में फाल्गुन महोत्सव मनाया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में खाटू श्याम मंदिर में संकीर्तन किया जा रहा है। संकीर्तन में दिलावर कौशिक की भजन मंडली ने भजनों से श्रद्धालुओं को निहाल किया और श्याम बाबा के भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। इस अवसर पर श्याम बाबा का फूलों से विशेष शृंगार किया गया। मंदिर को अद्भुत ढंग से सजाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर श्याम बाबा का गुणगान किया। इस अवसर पर मंदिर के प्रधान देशराज गुप्ता ने बताया श्याम बाबा को समर्पित 20 मार्च तक फाल्गुन महोत्सव मनाया जा रहा है। जिसमें से विभिन्न भजन मंडली कीर्तन में बाबा का गुणगान करेंगी। 11 से 17 मार्च तक श्री श्याम सलोना कीर्तन मंडल, 18 मार्च को आकाश सीमा गिल और 20 मार्च को श ओम ए-डीवाइन ग्रुप द्वारा कीर्तन किया जाएगा। इस अवसर पर अनिल गोयल, महेंद्र प्रताप, पवन, रामकरण गोयल, कृष्ण, विनोद गोयल, यश व नवीन गुप्ता, आकाश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।